दादा ने हेलिकॉप्टर से घर लाकर पोती का किया ग्रैंड वेलकम, वायरल हुआ वीडियो
हाल ही में राजस्थान में एक अजीब खबर सुनने को मिली है। यहां नागौर जिले के निम्बड़ी चांदावता गांव में एक घर में 35 साल बाद जब लाडो का जन्म हुआ तो उस परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशी भी इतनी कि इस नन्हीं जान के ग्रैंड वेलकम के लिये दादा ने अपनी सालभर की पूरी फसल बेच डाली और सात लाख रुपये किराया चुका कर हेलिकॉप्टर से अपनी पोती को उसके ननिहाल से घर लाये।
पोती का किया ग्रैंड वेलकम
लाडो के जन्म और उसके स्वागत का यह बेदह दिलचस्प मामला चांदावता गांव का है। इस गांव के हनुमानराम प्रजापत की पत्नी चुका देवी ने 3 मार्च 2021 को अपने पीहर नागौर जिले के ही गांव हरसोलव में बेटी को जन्म दिया। पोती होने का समाचार मिलने पर हनुमानराम के पिता मदनलाल प्रजापत और मां मुन्नीदेवी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दादा-दादी ने अपनी पोती का ग्रांड वेलकम करने की ठानी। बच्ची का नाम रिया रखा गया।
मदनलाल ने जब पोती रिया को हेलीकॉप्टर लाने की ठानी तो पता चला कि कम से कम सात लाख रुपए खर्च आएगा। लाखों रुपये के खर्चे की सोचकर भी मदनलाल प्रजापत का परिवार पीछे नहीं हटा। उसने तुरंत अपनी मैथी, सरसों और जीरे की फसल बेची। फसल बेचने से चार लाख रुपए जुटाए।
मदनलाल प्रजापत का यह फैसला उस वक्त सुर्खियों में आया जब इस परिवार ने नागौर जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी के यहां हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति चाहने के लिए आवेदन किया। मंजूरी मिली तो गांव निम्बड़ी और हरसोलाव के खेतों में अस्थायी हेलीपेड का निर्माण किया गया।

No comments