पंजाब के बाद राजस्थान में भी होगा बड़ा बदलाव, पायलट को मिल सकती है ये जिम्मेदारी
पिछले कुछ दिनों से पंजाब और राजस्थान में सरकार में अंतर्विरोध चल रहे थे। इनके बीच पंजाब में चल रहे कैप्टन वर्सेज सिद्धू के विवाद को कांग्रेस आलाकमान ने सुलझा लिया है। सिद्धू के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी के बाद माना जा रहा है कि अब कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करेगी। अब सबकी नजर राजस्थान में काफी लंबे समय से चल रहे गहलोत बनाम पायलट विवाद पर है।
राजस्थान में भी होगा बड़ा बदलाव
सूत्रों के मुताबिक फिलहाल राजस्थान के मुख्यमंत्री में कोई बदलाव नहीं होगा। गहलोत मुख्यमंत्री बने रहेंगे। एआईसीसी संगठन में बदलाव होना है और उसी प्रक्रिया के तहत सचिन पायलट को राष्ट्रीय महासचिव बनाया जा सकता है। उन्हें राजस्थान का प्रभार भी दिया जा सकता है। इसके अलावा मंत्रिमंडल विस्तार भी जल्द होगा और उनमें उन्हें भी जगह मिलेगी, जिन्हें सचिन मंत्री बनाना चाहते हैं।
पंजाब कांग्रेस के विवाद को हल करने के बाद कांग्रेस का अब पूरा ध्यान राजस्थान पर आ गया है। पार्टी अब इस विवाद को और लंबा नहीं खींचना चाहती है। इसके लिए कोई ऐसा बीच का रास्ता निकालने की कोशिश हो रही है, जिससे दोनों पक्ष मान जाएं।


No comments